वीडियो के आधार पर रोडवेज विभाग ने कंडक्टर को किया सस्पेंड !
मामला घरौंडा के पुराने बस स्टैंड पर रोडवेज बस नहीं रोकने का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, उस मामले में अब बड़ा एक्शन सामने आया है। वीडियो के आधार पर रोडवेज विभाग ने कंडक्टर को सस्पेंड कर दिया है, जबकि बस के ड्राइवर को हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं। लेकिन सवाल ये है कि आखिर उस दिन बस में हुआ क्या था?
यह वीडियो 22 जनवरी का है और घरौंडा बस क्यू शेल्टर का है। वीडियो में छात्राएं बस रोकने की बात करती नजर आ रही हैं, जबकि आरोप है कि कंडक्टर ने बस नहीं रोकी।
छात्रा के पिता राजकुमार कैमरे के सामने आए और उन्होंने बताया कि मेरी बेटी रोज राेडवेज बस से आती-जाती है। आरोप है कि कंडक्टर ने जानबूझकर घरौंडा में बस नहीं रोकी
वहीं अब इस मामले में बस कंडक्टर अकबर अली का भी पक्ष सामने आया है।
अकबर अली ने बताया कि मैंने घरौंडा के नए बस स्टैंड पर बस रोकी थी। पुराने बस स्टैंड पर भी मैं रोज बस रोकता हूं। छात्राओं ने बिना वजह वीडियो बनाना शुरू कर दिया। बाद में बहस बढ़ी तो 100-200 मीटर आगे बस रोकी गई थी। मैने छात्राओं को उतरने के लिए भी कहा था लेकिन वे नहीं उतरी।
कंडक्टर को पंचकूला रोडवेज जीएम सुखदेव ने सस्पेंड कर दिया है और ड्राइवर को हटाने के भी निर्देश दे दिए है।