26 जनवरी की ड्रेस लेने गई 5 साल की बच्ची सड़क हादसे का हुई शिकार ।
अलीगढ़ के इगलास कस्बे में मथुरा रोड पर करवन नदी के पास हुए एक सड़क हादसे में पांच साल की बच्ची किट्टू की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्ची अपने दो भाइयों के साथ बाइक से गांव लौट रही थी। अचानक ब्रेक लगाने के कारण किट्टू बाइक से उछलकर सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, किट्टू अपने भाई अंकित और अनिल के साथ बाइक पर सवार थी। वह 26 जनवरी के कार्यक्रम के लिए इगलास से ड्रेस खरीदकर संगीला गांव लौट रही थी। हादसे के समय सामने से आ रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगाया, जिसे टालने के प्रयास में बाइक सवारों ने भी ब्रेक लगाया। इसी दौरान बीच में बैठी किट्टू सड़क पर गिर गई और वाहन की चपेट में आ गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तीनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इगलास पहुंचाया। डॉक्टरों ने किट्टू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर सीओ इगलास महेश कुमार और इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभ में परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन पुलिस के समझाने पर उन्होंने सहमति दे दी। किट्टू के पिता विजेंद्र सिंह दूध का व्यवसाय करते हैं। परिवार में उनकी दो बेटियां थीं, जिनमें किट्टू सबसे छोटी थी। पूरे इगलास में इस हादसे से शोक की लहर है।