logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास व गरिमा के साथ मनाया गया जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित

औरैया, 26 जनवरी 2026। विशेष रिपोर्ट _एस. ए. अहमद
कलेक्ट्रेट परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को हर्षोल्लास, धूमधाम एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने राष्ट्रगान गाया तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक रूप से पाठ कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ था और तभी से देश संविधान के अनुरूप संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा निर्धारित कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करना चाहिए। जिस भी पद पर हम कार्यरत हों, हमें समाज और राष्ट्र के हित में ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहना चाहिए। उन्होंने सभी से यह प्रण लेने का आह्वान किया कि सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए।
इसके उपरांत कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आज भारत 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है और हाल के वर्षों में देश ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर प्रत्येक भारतीय को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही प्रथम स्थान की ओर अग्रसर होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और वह दिन दूर नहीं जब प्रदेश आर्थिक रूप से नंबर वन बनेगा। इसके लिए हम सभी को दूरदर्शी सोच, सकारात्मक विचार और दृढ़ मनोबल के साथ कार्य करना होगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य, डिप्टी कलेक्टर कमल कुमार सिंह सहित कलेक्ट्रेट परिवार के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।

3
259 views

Comment