श्री हनुमत इंटर कॉलेज शेखनपुर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
मिल्कीपुर शिक्षा क्षेत्र स्थित श्री हनुमत इंटर कॉलेज शेखनपुर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद पूरे वातावरण में देशभक्ति की भावना गूंज उठी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मिल्कीपुर बाबा गोरखनाथ रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महामंत्री राधेश्याम त्यागी एवं मिल्कीपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विनय कुमार सिंह मौजूद रहे। मुख्य अतिथि बाबा गोरखनाथ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान किया और उपस्थित लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक एवं विभिन्न झांकियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। झांकियों में स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण और देश की एकता व अखंडता का जीवंत चित्रण किया गया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। उपस्थित लोगों ने बच्चों के उत्साह और प्रस्तुति की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बाबा गोरखनाथ ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे संविधान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि भारत को स्वतंत्र कराने और संविधान निर्माण में महापुरुषों ने जो बलिदान दिए हैं, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने बच्चों से शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को अपनाने और देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य वागीश पाठक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। प्रबंधक लल्लन पाठक ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ओम प्रकाश पाठक, आशीष पाठक, श्रीश पाठक,अमर तिवारी,शिवमंगन तिवारी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और देश की उन्नति की कामना के साथ किया गया।