कुशीनगर में श्री श्री 108 श्री रुद्र महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, ऐतिहासिक कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
कुशीनगर जनपद के कसिया क्षेत्र अंतर्गत कुंडवा उर्फ दिलीपनगर, कुंवर टोला स्थित शिव मंदिर परिसर में श्री श्री 108 श्री रुद्र महायज्ञ का भव्य शुभारंभ 28 जनवरी 2026 को विशाल कलश यात्रा के साथ संपन्न हुआ। हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ निकली इस भव्य कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। श्रद्धालुओं ने हृण्यवती नदी से पवित्र जल भरकर विधि-विधान के साथ कथा पंडाल में कलश की स्थापना की। इस दौरान 4 से 5 हजार श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन स्थल पर भारी उत्साह देखने को मिला।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक प्रसिद्ध कथावाचक दिव्य सागर जी महाराज द्वारा श्रीमद् कथा का रसपूर्ण प्रवचन किया जा रहा है। वहीं यज्ञाचार्य पं. विनोद शांडिल्य जी महाराज के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक और यज्ञ अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। 2 फरवरी 2026 को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।
सांय 7 बजे श्री जय हनुमान आदर्श रामलीला मंडल, अयोध्या-मिथिला धाम द्वारा रामलीला मंचन भी किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु और दर्शक पहुंच रहे हैं।
इस आयोजन में ग्रामवासियों—सुनील कुमार सिंह, अरविंद कुमार, दीपक कुशवाहा, शिव कुमार, अजीत सिंह, प्रीयेश, मुन्ना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों का सक्रिय योगदान रहा। साथ ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कमोद सिंह की विशेष भूमिका रही, जिनके नेतृत्व में कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन का भी पूर्ण सहयोग रहा, जिससे शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रही।
यह भव्य धार्मिक आयोजन क्षेत्र में सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभर रहा है।