logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नई चेतना अभियान 4.0 का भव्य समापन, स्कूटी रैली व खेलकूद से दिया गया समानता का संदेश

नई चेतना अभियान 4.0 का भव्य समापन, स्कूटी रैली व खेलकूद से दिया गया समानता का संदेश

संवाददाता राजीव कुमार यादव

शिवहर। जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे नई चेतना अभियान 4.0 का समापन समारोह गुरुवार को उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जीविका, शिवहर द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:30 बजे जीविका दीदियों की स्कूटी रैली से हुई। रैली को जिला पदाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी, पुलिस अधीक्षक श्री शुभांक मिश्रा, उप विकास आयुक्त श्री बृजेश कुमार एवं अपर समाहर्ता श्री मेधावी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई जीविका दीदियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ रैली में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नई चेतना अभियान 4.0 का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त लिंग भेदभाव को समाप्त कर महिलाओं और पुरुषों के बीच समानता स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं—टू-व्हीलर से लेकर हवाई जहाज़ तक चला रही हैं। महिलाओं की बढ़ती गतिशीलता से सरकारी योजनाओं की पहुँच भी सुदृढ़ हुई है और महिलाएं समाज की परिवर्तनकारी शक्ति बनकर उभर रही हैं।
स्कूटी रैली समाहरणालय, शिवहर से प्रारंभ होकर “सुरक्षित रास्ता—विकास का रास्ता” और “एक साथ—एक आवाज़, समानता के लिए संकल्प” जैसे नारों के साथ ज़ीरो माइल, पिपराही मोड़ होते हुए महिला थाना, शिवहर पहुँची। यहाँ महिला थाना अध्यक्ष द्वारा जीविका दीदियों को महिला थाना के उद्देश्य एवं कार्यों की जानकारी दी गई। इसके पश्चात रैली नवाब हाई स्कूल, शिवहर पहुँचकर संपन्न हुई।
नवाब हाई स्कूल परिसर में नई चेतना क्रिकेट मैच, 100 मीटर दौड़, रस्सी कूद एवं म्यूजिकल चेयर जैसी खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला परियोजना प्रबंधक श्री अभिनव प्रिय के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिताओं में जीविका दीदियों एवं उनकी बेटियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता टीम की कप्तान सुश्री नैन्शी को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं 100 मीटर दौड़, रस्सी कूद और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली दीदियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक श्री अभिनव प्रिय ने कहा कि 25 नवंबर 2025 से प्रारंभ नई चेतना अभियान 4.0 का आज विधिवत समापन किया गया है। बीते दो महीनों के दौरान सभी समूहों, ग्राम संगठनों एवं संकुल संघों में कार्यशालाएं, शपथ कार्यक्रम, हाट-बाज़ार भ्रमण, फिल्म प्रदर्शन एवं खेलकूद सहित अनेक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनका उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाना रहा। उन्होंने कहा कि अभियान भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन इसके उद्देश्यों और दिशा-निर्देशों का पालन पूरे वर्ष किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रबंधक सामाजिक विकास ओसामा हसन ने बताया कि शिवहर जिले के सभी पाँच प्रखंडों में जीविका दीदी अधिकार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जो हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए सशक्त समाधान केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से बाल विवाह एवं महिला हिंसा के विरुद्ध लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रबंधक (संस्था निर्माण एवं क्षमता वर्धन) श्री गुलाम कौसर, युवा पेशेवर दीपक कुमार, प्रबंधक कृषि अनिल कुमार, प्रबंधक वित्त विवेक कुमार, प्रशिक्षण पदाधिकारी परमेश्वर शर्मा, अकाउंटेंट मोहम्मद अमानुल्लाह, पंकज कुमार, कार्यालय सहायक भावानंद मिश्रा, मनीष कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक कुंदन कुमार, चंदना कुमारी, आशा कुमारी, जीविकोपार्जन विशेषज्ञ पंखुड़ी कुमारी, सामुदायिक समन्वयक आलोक कुमार, शमा परवीन, निकहत परवीन, गुड्डी कुमारी, सोनी कुमारी सहित 200 से अधिक जीविका दीदियां उपस्थित रही

7
175 views

Comment