logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गंगा किनारे तटबंध निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन, 11 फरवरी से पदयात्रा की चेतावनी


फर्रुखाबाद।
जनपद की सीमा से जनपद की सीमा तक गंगा नदी के दोनों किनारों पर तटबंध निर्माण तथा कटरी धर्मपुर, कटरी भीमपुर और उनके मजरों में हो रहे लगातार कटान को रोकने की मांग को लेकर तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि यदि शीघ्र तटबंध निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो 11 फरवरी से कढ़हर से अटेना घाट तक विशाल पदयात्रा शुरू की जाएगी। आंदोलनकारियों ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग करते-करते काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस और सकारात्मक पहल नहीं की गई है।
इस अवसर पर भईयन मिश्रा ने कहा कि पिछले कई महीनों से आम जनता तटबंध निर्माण की मांग कर रही है। पूर्व में कई बार धरना-प्रदर्शन के बावजूद अब तक कार्य शुरू न होना यह दर्शाता है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं। क्षेत्र की लाखों जनता हर वर्ष बाढ़ की विभीषिका झेलती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब जनता आर-पार की लड़ाई के मूड में है और तटबंध बनवाकर ही दम लेगी।
राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे उर्फ अंगद ने कहा कि जहां लाखों लोग प्रभावित हों, वहां के जनप्रतिनिधियों का उदासीन रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
वहीं अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडे ने पदयात्रा को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि यह जनहित की लड़ाई है और संगठन हर प्रकार के संघर्ष में साथ खड़ा रहेगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका सदस्य श्याम सुंदर लाला ने कहा कि पूरे जिले में बाढ़ से हर व्यक्ति प्रभावित होता है, इसके बावजूद रोकथाम के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से पंकज राठौर, शान अली, महेंद्र सिंह यादव (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), अवनीश यादव, विष्णु मिश्रा (जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय बजरंग दल), आयुष सक्सेना एडवोकेट, प्रशांत मिश्रा एडवोकेट, धर्मवीर राजपूत (पूर्व प्रधान), शिवदेव सिंह एडवोकेट, आसिफ जमा खान एडवोकेट, आदिल खान, अतीक खान, शिवम वर्मा, राजीव वर्मा, चंद्रशेखर, मनीष यादव, राजीव सिंह, सुबोध सिंह, रामसेवक, शाहन अली, अवधेश सिंह, कदीलाल, ऋषिपाल, शाहिद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

26
500 views

Comment