कोटा पुलिस का संयुक्त फ्लैग मार्च
तनावग्रस्त इलाकों में अपराधियों में डर, आमजन में विश्वास का संदेश
कोटा।अपराधियों में भय और आम नागरिकों में सुरक्षा व विश्वास की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को 83वीं बटालियन द्रुत कार्य बल (आरएएफ) जयपुर कम्पनी एवं कोटा शहर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कोटा शहर के तनावग्रस्त एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर संदिग्ध व्यक्तियों को संबंधित थानों पर भिजवाया गया।
पुलिस अधीक्षक जिला कोटा शहर तेजस्वी गौतम ने बताया कि 83वीं बटालियन आरएएफ जयपुर कम्पनी के कमांडेंट के कोटा प्रवास के दौरान परिचय अभ्यास (फैमिलियराइजेशन एक्सरसाइज) के तहत यह संयुक्त कार्रवाई की गई। फ्लैग मार्च का नेतृत्व डिप्टी एसपी लोकेन्द्र पालीवाल (वृत्त तृतीय) ने किया। अभियान में प्रो. आईपीएस सिद्धार्थ श्रीवास्तव, थाना कोतवाली, थाना मकबरा एवं थाना कैथूनीपोल के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
संयुक्त टीम ने थाना कोतवाली, मकबरा एवं कैथूनीपोल के मिश्रित आबादी एवं साम्प्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल फ्लैग मार्च किया।
थाना कोतवाली क्षेत्र में मेगजीन स्कूल, कोर्ट के ऊपर, गया छोगा की बावड़ी, मामा-भांजा की दरगाह के आसपास, लाडपुरा, प्रताप चौक, कोली पाड़ा सहित विभिन्न इलाकों में पुलिस बल की मौजूदगी दिखाई दी।
थाना मकबरा क्षेत्र में विजय मार्केट, घंटाघर, गोरी होटल की गली, हुसैनी चौक, हम्मालों का चौक, चश्मे की बावड़ी, बंभोला मंदिर, जामा मस्जिद, हाथीठान, कायन हाउस, खारवालों का मंदिर, पाटनपोल इलाके में फ्लैग मार्च निकाला गया।
वहीं थाना कैथूनीपोल क्षेत्र में सिंहद्वार, कैथूनीपोल थाने के सामने, फर्नीचर मार्केट, श्रीपुरा चौराहा एवं जे.पी. सर्किल सहित प्रमुख स्थानों पर संयुक्त रूप से मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस व आरएएफ के जवानों ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए कई स्थानों पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए संबंधित थानों पर भिजवाया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत रहे, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे और आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करे।