सोये हुए अवस्था में आरोपी ने मां-बेटा-बेटी पर किया धारदार हथियार से हमला, पिकेट पुलिस ने आरोपी को दबोचा
सोये हुए अवस्था में आरोपी ने मां-बेटा-बेटी पर किया धारदार हथियार से हमला, पिकेट पुलिस ने आरोपी को दबोचा
वीरपुर/बेगूसराय/संवाददाता/गौतम कुमार झा।नौला पुलिस पिकेट अंतर्गत नौला गांव के वार्ड संख्या 9 में बीती रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद में चाचा ने अपने ही भतीजे के परिवार पर सोते समय धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में मां, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बीते रात्रि करीब साढ़े बारह व एक बजे की बीच की है।घटना में घायल लोगों की पहचान नौला वार्ड संख्या 9 निवासी ललिता देवी, उनके पुत्र रोहित कुमार उर्फ हीरालाल पासवान तथा पुत्री रागिनी कुमारी के रूप में की गई है। आरोप है कि रिश्ते में लगने वाला चाचा कपिल पासवान ने देर रात सभी के सोए होने के दौरान अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया।पीड़ित स्वजनों के अनुसार, हमले में ललिता देवी के गर्दन और सिर पर गंभीर जख्म आई हैं, जबकि उनके पुत्र और पुत्री भी घायल हुए हैं। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।सूचना मिलते ही नौला पुलिस पिकेट प्रभारी अकरम खान तत्काल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कपिल पासवान को धारदार हथियार के साथ मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को भगवानपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे आपसी रंजिश एवं जमीनी विवाद की बात सामने आ रही है। फिलहाल गंभीर रूप से घायल ललिता देवी व उनकी पुत्री रागिनी का इलाज गारा गांव के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। ललिता देवी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं गांव में चर्चा है कि आरोपी नशा का सेवन करता है।