कोटा - पर्यावरण बचेगा तभी बचेगा मानव जीवन: प्रकाश जायसवाल
कोटा, 5 फरवरी। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में मनाए जा रहे वन एवं वन्य जीव संरक्षण पखवाड़े के तहत बुधवार को राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय, रोजड़ी में 'वन एवं वन्यजीव संरक्षण' विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी एवं जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि शिक्षा सहकारी एवं स्काउट गाइड के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल उपस्थित रहे। अध्यक्षता शिक्षा सहकारी के संचालक कमल कुमार शर्मा ने की। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता साहित्यकार हनुमान नागर 'धांसू बाबा' रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदीप कुमार गौतम, ओम प्रकाश मीणा एवं उदय सिंह गुर्जर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
प्रधानाचार्य मुकेश जांगिड़ ने बताया कि संगोष्ठी से पूर्व प्रातः काल विद्यार्थियों द्वारा जनजागरण रैली निकाली गई। इस रैली को मुख्य अतिथि प्रकाश जायसवाल व अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से पर्यावरण के महत्व और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संदेश दिया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रकाश जायसवाल ने कहा कि स्काउट गाइड का मूल मंत्र ही 'सेवा' है और प्रकृति की सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है। शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उसे समाज की नसों में जागरूकता बनकर दौड़ना चाहिए। स्काउट गाइड और शिक्षा सहकारी का उद्देश्य भी यही है कि हम ऐसे नागरिक तैयार करें जो अनुशासित हों और समाज को सही दिशा दिखा सकें।
हनुमान नागर ने कहा कि जागरूकता की एक मशाल पूरे अंधेरे को खत्म करने के लिए काफी होती है। व्यक्ति का जीवन सही संस्कारों के चयन से महान बनता है। पत्तों की मरमराहट और पंछियों का कलरव ही असली संगीत है। यदि जंगल नहीं रहेंगे तो कोई नहीं बचेगा। हम विकास की अंधी दौड़ में यह भूल गए हैं कि शेर, हिरण और परिंदे इस धरती के उतने ही मालिक हैं जितने कि हम।
कमल कुमार शर्मा ने कहा कि रैली में आपके नारों ने जो गूँज पैदा की है, वह गाँव के हर घर तक पहुँचनी चाहिए। हम वन्यजीवों के प्रति अपनी क्रूरता छोड़ें और उनके प्रति दया का भाव रखें। विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए शिक्षा सहकारी हर संभव सहायता प्रदान करेगी। इस अवसर पर महावीर मीणा, राहुल मीणा विशेष रुप से मौजूद रहे।