logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

युवती की संदिग्ध हालत में मौत मामले की जाँच में जुटी पुलिस

नर्मदापुरम/सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुनिया सेमरी रंधीर निवासी मोहनलाल पिता फूलसिंह विश्वकर्मा (55 वर्ष) द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि उनकी मझली बेटी मालती का विवाह कार्यक्रम 5 फरवरी को बाबई रोड स्थित एक शादी भवन में आयोजित था। बारात घर पर आ चुकी थी और परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में व्यस्त थे। इसी दौरान उनकी छोटी बेटी रोशनी विश्वकर्मा उम्र 19 वर्ष दोपहर करीब 2 बजे घर पर सोने चली गई थी। परिजनों द्वारा पूछने पर रोशनी ने सिर दर्द होने की बात कहते हुए आराम करने की इच्छा जताई। शाम करीब 8 बजे एक बच्ची द्वारा सूचना दी गई कि रोशनी जाग नहीं रही है। परिजन तत्काल रोशनी के पास पहुंचे, लेकिन वह किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी। इसके बाद उसे उपचार हेतु सरकारी अस्पताल सोहागपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा जांच के बाद रात करीब 11 बजे रोशनी को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने विवाह कार्यक्रम पूर्ण कर मालती की विदाई के बाद थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। पुलिस द्वारा मृतिका रोशनी विश्वकर्मा का पंचनामा कर पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रथम दृष्टया युवती की मृत्यु किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से होना प्रतीत हो रही है। मृतिका का बिसरा एवं अन्य नमूने परीक्षण हेतु जप्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भोपाल भेजे जाएंगे। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

गौरव मालवीया
नर्मदापुरम /सोहागपुर

16
453 views

Comment