logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विद्यालय वार्षिकोत्सव एवं कक्षा 12वीं विदाई समारोह का हुआ आयोजन, 19 वर्षीय हैंडबॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता की रजत पदक विजेता खिलाड़ी तीजा का हुआ भव्य अभिनंदन

बाड़मेर/सेड़वा।
उपखंड सेड़वा के निकटवर्ती राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, औगाला में शनिवार को विद्यालय वार्षिकोत्सव, कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का विदाई समारोह एवं 19 वर्षीय राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में रजत पदक विजेता बिटिया तीजा के अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

समारोह का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीतकर औगाला का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी बिटिया तीजा का सम्मान रहा। विद्यालय परिसर में तीजा का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार ने पुष्पहार पहनाकर एवं तालियों की गूंज के साथ उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर बामरला से वाया बोरला जाटान होते हुए औगाला तक डीजे के साथ भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली के दौरान बोरला जाटान में ग्रामीणों एवं महिलाओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। तीजा ने रामदेव मंदिर में दर्शन कर गाड़ियों के काफिले व डीजे के साथ विद्यालय में प्रवेश किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हनुमानराम जी आरपी फागलिया ने बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों को अनुशासन, समय-प्रबंधन एवं एकाग्रता के साथ प्रश्नपत्र हल करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समय की पाबंदी, उचित निगरानी एवं स्पष्ट व्यवस्था से ही परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित होती है।

भाजपा ब्लॉक मंडल अध्यक्ष फागलिया वगतेश जी खिचड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चे ही देश के भविष्य एवं राष्ट्र निर्माता होते हैं। उन्होंने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डालते हुए संगठन की मजबूती एवं जनसेवा के संकल्प पर जोर दिया।

सीबीईओ फागलिया आशिजा सर ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे तीजा की तरह शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट में स्थान प्राप्त करें और विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करें।

पीईईओ आईदान जी एवं सरपंच निम्बाराम जी गोदारा ने बताया कि पिछले वर्ष सोनू का चयन राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिता में हुआ था, जो विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बच्चों को इसी प्रकार आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान छात्र मुकेश एवं विक्रम ने अपने उद्बोधन में कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण एवं परिश्रम सबसे आवश्यक है।

वक्ताओं ने तीजा की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि गांव की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। साथ ही कोच अशोक कुमार जी गोदारा एवं विद्यालय स्टाफ के योगदान की भी सराहना की गई।

विदाई समारोह के दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने विद्यालय जीवन की यादों को साझा किया, जिससे वातावरण भावुक एवं उल्लासपूर्ण बन गया।

समारोह के अंत में विद्यालय स्टाफ ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब शिक्षा और खेल साथ-साथ आगे बढ़ते हैं, तब समाज का भविष्य और अधिक सशक्त बनता है।

इस अवसर पर भाजपा ब्लॉक मंडल अध्यक्ष फागलिया वगतेश जी खिचड़, हनुमान जी गोदारा आरपी फागलिया, सीबीईओ फागलिया आशिजा सर, भाजपा जिला महामंत्री सेड़वा बुधाराम जी देवासी, समाजसेवी युवा उद्यमी लालाराम जी मूंढ, सरपंच निम्बाराम जी गोदारा, पुलिस कांस्टेबल भोजाराम जी एवं मोहनलाल जी, सेवानिवृत्त अध्यापक तगाराम जी मेघवाल, देदाराम जी (एक्शन साहब), हिम्मताराम जी मेघवाल, तीजा के पिता मालाराम जी मेघवाल, टीलाराम जी गोदारा, अम्बालाल मेघवाल, भारमल जी पुनिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

913 views

Comment