logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

“डी०ए०वी० पब्लिक स्कूल ओबरा में विद्यार्थियों के सम्मान में शुभकामना समारोह संपन्न” राजेश कुमार शर्मा की रिपोर्ट

ओबरा/सोनभद :-डी०ए०वी० पब्लिक स्कूल ओबरा में सत्र 2025–26 के विद्यार्थियों के सम्मान में शुभकामना समारोह (गुड लक पार्टी) अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ओबरा थर्मल पावर स्टेशन (यूपीआरवीयूएनएल) के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) श्री आर.के. अग्रवाल, श्री डी.के. सिंह (एस.ई.) एवं श्री अनुराग मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही संपूर्ण वातावरण गरिमा, सकारात्मक ऊर्जा एवं उल्लास से परिपूर्ण हो उठा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री आर.के. अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, परिश्रम एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “विद्यार्थी केवल इस संस्थान की पहचान नहीं, बल्कि देश और समाज के भविष्य के कर्णधार हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण एवं सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए उच्च लक्ष्य निर्धारित कर मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय कुमार पांडेय ने अपने भावनात्मक एवं प्रेरक संबोधन में कहा कि यह अवसर केवल एक शुभकामना समारोह नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, उपलब्धियों एवं संस्थान से जुड़ी यादों को सम्मान देने का क्षण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने यहाँ केवल पाठ्यक्रम ही नहीं, बल्कि अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व के गुण सीखे हैं। “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है,” यह संदेश उन्होंने विद्यार्थियों को दिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्यों ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भावनात्मक प्रस्तुतियों, नृत्य, संगीत एवं भाषणों के माध्यम से अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, जिससे वातावरण भावनात्मक एवं जीवंत हो उठा।
शुभकामना समारोह को सफल एवं स्मरणीय बनाने में कक्षा 11 के विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। कार्यक्रम की संपूर्ण योजना, मंच संचालन, सजावट एवं व्यवस्थाओं का दायित्व उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन में पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ निभाया। कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने कक्षा 12 के विद्यार्थियों का तिलक एवं ब्रोच लगाकर स्वागत किया।
अंत में प्राचार्य महोदय ने विदा हो रहे विद्यार्थियों को आशीर्वाद एवं उपहार प्रदान कर उनके उज्ज्वल, सफल एवं सुखद भविष्य की कामना की तथा इसी के साथ समारोह का समापन हुआ।

142
6792 views

Comment