logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कुल्टी नियामतपुर GT रोड के पास ट्रांसफॉर्मर में लगी आग, स्थानीय लोगों ने पाया काबू

आसनसोल (कुल्टी) : कुल्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत नियामतपुर GT रोड के पास आज शाम करीब 5 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग ट्रांसफॉर्मर के नीचे रखे डस्टबिन में लगी, जिसमें लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण भारी मात्रा में कचरा जमा था। कचरे की वजह से आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते ट्रांसफॉर्मर का केबल जल गया।
आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। तत्काल इसकी सूचना कुल्टी थाना के नियामतपुर आउटपोस्ट को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
आग बुझने के बाद जब बिजली विभाग के कर्मचारी वैन लेकर मौके पर पहुंचे, तो स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से ट्रांसफॉर्मर से जुड़ी समस्या को लेकर शिकायत की जा रही थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसका नतीजा आग लगने के रूप में सामने आया।
हालांकि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद आसनसोल से एक दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आग बुझाई जा चुकी थी। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बिजली आपूर्ति और सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग की लापरवाही की जांच की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए समय पर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

9
1304 views

Comment