logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कोरबा में 9 से 18 फरवरी तक ‘वजन त्योहार’, 2602 आंगनवाड़ी केन्द्रों में होगा बच्चों का वजन व ऊँचाई मापन

न्यूज़ रिपोर्ट
कोरबा। जिले के 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की पोषण स्थिति के वास्तविक आकलन हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 9 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक वजन त्योहार का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान जिले के 2602 आंगनवाड़ी केन्द्रों में संचालित किया जाएगा।
वजन त्योहार के दौरान बच्चों का वजन एवं ऊँचाई का मापन कर प्राप्त आंकड़ों के आधार पर उनकी पोषण स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन के बाद आवश्यकता अनुसार बच्चों को पोषण परामर्श, स्वास्थ्य मार्गदर्शन एवं विभागीय सेवाओं से जोड़ा जाएगा, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुदृढ़ किया जा सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी श्री बसन्त मिंज ने बताया कि अभियान को सफल बनाने हेतु विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। विभागीय निर्देशानुसार, आंगनवाड़ी केन्द्रों में पंजीकृत बच्चों के साथ-साथ अभी तक अपंजीकृत बच्चों का भी वजन लिया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र बच्चा शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।
इस संबंध में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर अभियान को निर्धारित समय-सीमा में सुचारू, प्रभावी एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि अभियान के दौरान एक भी पात्र बच्चा छूटने न पाए।
वजन त्योहार का मुख्य उद्देश्य कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान, आवश्यक हस्तक्षेप, उन्हें पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कलेक्टर दुदावत ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने बच्चों को निकटतम आंगनवाड़ी केन्द्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित कराएं, ताकि जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

28
2284 views

Comment