logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खैराबाद नगर पालिका में डीएम का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कड़ी फटकार — रिकॉर्ड अव्यवस्था और निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

सीतापुर | जिलाधिकारी राजागणपति आर0 ने रविवार को नगर पालिका खैराबाद का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। दिनांक 08 फरवरी 2026 को दोपहर 11:30 बजे पहुंचे डीएम ने कार्यालयों, रजिस्टरों और विकास कार्यों की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कंप्यूटर कक्ष में ऑनलाइन पोर्टल, संपत्ति कर रजिस्टर, ई-रिक्शा पोर्टल और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन अवलोकन किया। संयुक्त कक्ष में पीएम स्ट्रीट वेंडर पेंशन, नजूल रजिस्टर तथा कर्मचारियों की संख्या की समीक्षा की गई।
हाउस टैक्स, जलकर और नगर पालिका की आय-व्यय की सख्ती से जांच करते हुए डीएम ने वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खैराबाद कस्बे की जल आपूर्ति व्यवस्था पर भी विस्तृत जानकारी ली गई।
लेखा लिपिक कार्यालय में पहुंचकर कैश रजिस्टर अव्यवस्थित मिलने पर कड़ी फटकार लगाई गई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि रिकॉर्ड में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद डीएम ने कस्बे में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। तालाब सौंदर्यीकरण परियोजना और निर्माणाधीन गौशाला की गुणवत्ता की जांच करते हुए ईंटों की मजबूती परखने के लिए उन्हें आपस में टकराकर परीक्षण किया गया तथा पिलर में प्रयुक्त मसाले की गुणवत्ता भी जांची गई।
डीएम ने अधिशासी अधिकारी को सभी विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता, अधिशासी अधिकारी प्रेम शंकर गुप्ता, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मनोज राणा, लिपिक प्रदीप, नदीम हसन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

9
49 views

Comment