वार्ड संख्या 54 में भाजपा की चुनावी बैठक, महापौर प्रत्याशी के समर्थन में दिखा जनउत्साह
सिंदरी। नगर निगम महापौर चुनाव के अवसर पर सोमवार को सिंदरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 54 के डोमगढ़ स्थित राइजिंग क्लब में एक महत्वपूर्ण चुनावी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की सहभागिता देखने को मिली।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की नेत्री एवं सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 53, 54, 55 एवं 22 की संयोजक श्रीमती तारा देवी जी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने जनसमूह को संबोधित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेत्री श्रीमती तारा देवी जी ने नगर निगम चुनाव के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह चुनाव शहर के समग्र विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा तय करने वाला है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे विकासोन्मुख सोच के साथ भारतीय जनता पार्टी को अपना समर्थन दें।
श्रीमती तारा देवी जी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं जनसमूह से भारतीय जनता पार्टी के महापौर प्रत्याशी संजीव कुमार को हरी मिर्ची छाप चुनाव चिन्ह पर मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संजीव कुमार के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक का माहौल पूरी तरह चुनावी जोश और संगठनात्मक एकता से भरा रहा।