रायपुर में कल गूंजेगी शहनाई: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 132 धमतरी के जोड़े भी रचायेंगे ब्याह
धमतरी |छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का साइंस ग्राउंड कल एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है। शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 10 फरवरी (मंगलवार) को एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को अपना आशीर्वाद देंगे।
धमतरी से 132 जोड़े होंगे शामिल :
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि इस राज्य स्तरीय समारोह में अकेले धमतरी जिले के 132 जोड़े विवाह के पवित्र बंधन में बंधेंगे। इन जोड़ों के चयन से लेकर उनके रायपुर प्रवास तक की सभी तैयारियां धमतरी जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं।
दिग्गजों का लगेगा जमावड़ा
इस गरिमामय आयोजन में केवल मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि डॉ. रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष, राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्य, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और आला अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जो वर-वधु को उनके सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देंगे।
व्यवस्थाएं ऐसी कि कोई कमी न रहे :
साइंस ग्राउंड में भव्य मंडप सजाया गया है। आयोजन को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।विवाह पूरी तरह से सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न होगा।मेहमानों और जोड़ों के लिए भोजन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सहायता और बुनियादी सुविधाओं का पुख्ता प्रबंध है।मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का मूल मंत्र 'सादगी और स्वाभिमान' है। यह न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद करती है, बल्कि फिजूलखर्ची और दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक बड़ा संदेश भी देती है। सामूहिक विवाह के माध्यम से राज्य सरकार सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का काम कर रही है।