कटराखुदागंज थाने का एसपी राजेश द्विवेदी ने किया औपचारिक निरीक्षण, शिशु गृह व महिला सुरक्षा केंद्र का उद्घाटन
शाहजहांपुर। विकासखंड कटरा खुदागंज स्थित थाना परिसर में सोमवार, दिनांक 09 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी द्वारा थाने का औपचारिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालय व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का गहन अवलोकन किया।
एसपी राजेश द्विवेदी ने थाने में बनाए गए शिशु गृह एवं महिला सुरक्षा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने इन दोनों व्यवस्थाओं को समाजहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं, बच्चों एवं पीड़ितों को सुरक्षित, संवेदनशील और सम्मानजनक वातावरण मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को देखकर एसपी ने पुलिसकर्मियों की सराहना की और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए थाना स्टाफ को प्रोत्साहित किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करने, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून लागू करना ही नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करना भी है। इस अवसर पर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।