logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

प्रतापगढ़: पुलिस की मौजूदगी में निजी जमीन पर जबरन शव दफनाने का आरोप, पीड़ित महिला ने एसपी से लगाई गुहार

प्रतापगढ़: पुलिस की मौजूदगी में निजी जमीन पर जबरन शव दफनाने का आरोप, पीड़ित महिला ने एसपी से लगाई गुहार
प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र से खाकी को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां ग्राम कसेरूआ की रहने वाली एक महिला, आसमा बेगम ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। महिला का आरोप है कि पुलिस के संरक्षण में दबंगों ने उसकी निजी भूमिधरी जमीन पर जबरन एक बच्ची का शव दफन कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थिनी आसमा बेगम के अनुसार, उनके गांव के ही पड़ोसी गुफरान अहमद की दो माह की पुत्री की मृत्यु बीते 29 जनवरी को हो गई थी। आरोप है कि गुफरान अपने परिजनों और साथियों के साथ प्रार्थिनी की निजी जमीन (गाटा संख्या 429क) पर शव दफनाने पहुंच गया। जब महिला और उसके परिवार ने इसका विरोध किया, तो वहां मौजूद रानीगंज चौकी इंचार्ज राकेश चौरसिया और थानाध्यक्ष प्रभात सिंह ने कथित तौर पर महिला के परिवार को ही प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पुलिस पर लगे संगीन आरोप
महिला का आरोप है कि थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज ने मदद करने के बजाय उन्हें भद्दी गालियां दीं और गंभीर धाराओं में जेल भेजने की धमकी दी। प्रार्थिनी का दावा है कि पुलिस ने डरा-धमकाकर जबरन सादे कागज और एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए और उसकी निजी जमीन पर शव दफन करवा दिया।
न्याय की मांग
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका पति शारीरिक रूप से असमर्थ है और इस घटना के बाद से उसका पूरा परिवार दहशत में जी रहा है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों व दबंगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।

19
1079 views

Comment