बांदा में अधिवक्ताओं के दो गुटों में देर रात मारपीट, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में देर रात अधिवक्ताओं के बीच आपसी मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
बताया जा रहा है कि जनपद में अधिवक्ता संघ का चुनाव चल रहा था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दो गुट आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया और दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया। नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अधिवक्ताओं के बीच मारपीट की सूचना मिली थी, जिन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
वहीं, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।