यमुनोत्री विधानसभा 2027: टिकट की दौड़ तेज, कई दावेदारों से मुकाबला होगा दिलचस्प
यमुनोत्री विधानसभा सीट पर वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर अभी 8–10 महीने का समय बाकी है, लेकिन राजनीतिक सरगर्मियां अभी से तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों के संभावित प्रत्याशी मैदान में उतरकर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुट गए हैं, जिससे इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की संभावना है।
हाल ही में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दीपक बिजल्वाण के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी के भीतर टिकट को लेकर खींचतान बढ़ गई है। भाजपा से प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान और पूर्व विधायक केदार रावत भी प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। इन तीनों के बीच टिकट को लेकर जोरदार प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है।
वहीं वर्तमान निर्दलीय विधायक संजय डोभाल भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। ये सभी नेता यमुना घाटी क्षेत्र से आते हैं और अपने-अपने समर्थन आधार को मजबूत करने में लगे हैं।
गंगा घाटी की बात करें तो भाजपा से राज्य मंत्री राम सुंदर नौटियाल और लक्ष्मण भंडारी सक्रिय नजर आ रहे हैं। वहीं कांग्रेस से महावीर रावत और राजेंद्र गुसाईं भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसके अलावा सुमन बडोनी भी चुनावी मैदान में सक्रिय हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रमुख राजनीतिक दल किसे टिकट देते हैं और कौन-कौन निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरता है। फिलहाल यमुनोत्री विधानसभा में चुनावी बयार तेज होती नजर आ रही है।