चंदन पंचायत में दो माह से खराब पड़ी सोलर लाइट, वार्ड 7 के लोग परेशान
बांका। चंदन पंचायत के वार्ड संख्या 7 में आदित्य दुबे के घर के पास सरकार द्वारा लगाई गई सोलर लाइट पिछले दो महीनों से खराब पड़ी हुई है। इससे स्थानीय लोगों को रात के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सोलर लाइट खराब रहने के कारण क्षेत्र में अंधेरा छाया रहता है, जिससे आवागमन में कठिनाई होती है और असुरक्षा की भावना बनी रहती है। लोगों ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार की ओर से निजी कंपनी को टेंडर दिया गया है, लेकिन कार्य में लापरवाही बरती जा रही है।
स्थानीय निवासियों का यह भी कहना है कि कुछ वार्डों में अब तक सोलर लाइट लगाई ही नहीं गई है, और जहां लगाई गई है वहां अधिकतर लाइटें खराब पड़ी हैं। इसके बावजूद न तो प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही जनप्रतिनिधि इस समस्या को गंभीरता से ले रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द खराब सोलर लाइटों की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र में सुशासन का भरोसा कायम रहे।