प्रस्तावित रांची आरा एक्सप्रेस के मोहम्मदगंज में ठहराव के लिए हुई मांग तेज
रांची-आरा के बीच प्रस्तावित एक्सप्रेस ट्रेन का मोहम्मदगंज में स्टाॅपेज देने की मांग तेज
मोहम्मदगंज।पलामू।झारखंड
रांची रेल मंडल अंतर्गत संचालित रांची-आरा का एक्सप्रेस (18640/18641) के रूट बदलकर तीन दिन डेहरी-ऑन-सोन-गढवा रोड वाया लोहरदगा रांची परिचालित कराने के प्रस्ताव प्रकाश में आने पर यात्रियों ने खुशी जताते हुए मोहम्मदगंज स्टेशन पर भी इसका स्टाॅपज देने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन (सोमवार, गुरुवार और शनिवार) गोमो, कोडरमा, गया मार्ग से चलती है। जो झारखंड और बिहार के बीच एक अहम कड़ी बन गई है। लेकिन इसके रूट और फ्रीक्वेंसी में बदलाव कर इसे और अधिक जनोपयोगी बनाया जा रहा है। इस संबंध में रेलवे की ओर से प्रस्ताव है कि शेष दिनों में इस ट्रेन को लोहरदगा, टोरी, डालटनगंज रूट से चलाया जाएगा। इससे पलामू प्रमंडल का आरा से सीधा जुड़ाव हो जाएगा। रांची-आरा के बीच तब ट्रेन सेवा सप्ताह में छह दिन उपलब्ध हो सकेगी। वर्तमान स्थिति में डालटनगंज, गढ़वा और जपला जैसे प्रमुख स्टेशनों से आरा जाने के लिए कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है। यात्रियों को आरा, सासाराम गया या अन्य स्टेशनों पर ट्रेन बदलकर जाना पड़ता है। जिससे समय और असुविधा दोनों बढ़ती हैं। यदि रांची-आरा एक्सप्रेस को लोहरदगा-टोरी-डालटनगंज रूट से चलाया जाता है, तो पलामू प्रमंडल के हजारों यात्रियों को पहली बार आरा के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी। यह खासकर छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
प्रस्तावित योजना के तहत ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। तीन दिन वाया कोडरमा और तीन दिन वाया डाल्टनगंज। इससे रांची और आरा के बीच नियमित यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे। ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ने से भीड़ का दबाव भी कम होगा। यात्रा अधिक सुगम बनेगी। खास बात यह होगी कि लोहरदगा-टोरी लाइन एक छोटा और वैकल्पिक मार्ग है। जिससे रांची से आरा की दूरी और यात्रा समय दोनों में कमी आ सकती है। इस ट्रेन के ठहराव की यात्रियों की मांग पर सांसद प्रतिनिधि महेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि इस संबंध में सांसद को अवगत कराएंगे।