logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शंकरगढ़ में चयनित 29 अग्निवीरों से विधायक ने की आत्मीय मुलाकात, उज्ज्वल भविष्य की कामना.!


बलरामपुर/शंकरगढ़ (मोहम्मद खालिद)

जिला बलरामपुर के विकासखंड शंकरगढ़ के बालक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़ में आसपास के ग्रामों से चयनित 29 अग्निवीरों से सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने आत्मीय मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
देशसेवा के पवित्र संकल्प के साथ भारतीय सेना में चयनित इन युवाओं को विधायक ने पुष्पमाला पहनाकर एवं शुभकामनाएँ देते हुए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह केवल इन युवाओं की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले के लिए गौरव का विषय है। सीमित संसाधनों के बावजूद कठोर परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प के बल पर इन युवाओं ने सेना में स्थान प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया है कि लगन और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय सेना में सेवा करना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च अवसर है। उन्होंने सभी चयनित अग्निवीरों से अपेक्षा की कि वे अपने आचरण, कर्तव्यनिष्ठा और परिश्रम से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर विधायक ने युवाओं को सकारात्मक सोच, शारीरिक एवं मानसिक दृढ़ता तथा अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके संस्कार और मार्गदर्शन के कारण ही ये युवा आज इस मुकाम तक पहुँचे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी चयनित अग्निवीरों को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरा वातावरण देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत रहा।

339
6903 views

Comment