बेगूसराय में शराब माफिया से डील करते थानेदार का ऑडियो वायरल
बेगूसराय में शराब माफिया से डील करते थानेदार का ऑडियो वायरल
बेगूसराय। बिहार में शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ उत्पाद विभाग के थानेदार राकेश प्रकाश और बिचौलिए निशांत कुमार के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला बड़ी बलिया के पास स्प्रिट बरामदगी से जुड़ा है, जिसमें तीन कारोबारियों का नाम केस से हटाने के एवज में थानेदार द्वारा प्रति व्यक्ति डेढ़ लाख रुपये यानी कुल साढ़े चार लाख की मांग की जा रही है। वायरल ऑडियो में थानेदार बिचौलिए को डील फाइनल करने का निर्देश देते हुए धमका रहे हैं कि यदि पैसे नहीं मिले तो उत्पाद अधिनियम की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें बर्बाद कर दिया जाएगा। हैरानी की बात यह है कि थानेदार के मोबाइल में शराब कारोबारियों के नंबर तक सेव हैं। हालांकि हमारा न्यूज़ चैनल इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन यह घटना स्पष्ट करती है कि ऐसे ही भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत के कारण राज्य में शराबबंदी कानून धरातल पर सफल नहीं हो पा रहा है और सरकार की छवि धूमिल हो रही है।