logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पटना/बिहार "राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृति योजना परीक्षा" पर लाइव संवाद बना विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन का मंच



टीचर्स ऑफ बिहार के “लेट्स टॉक” कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने दिए सफलता के सूत्र

संवाददाता - मृत्युंजय ठाकुर

पटना। मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना के प्रति जागरूक करने और उन्हें सही दिशा देने के उद्देश्य से टीचर्स ऑफ बिहार द्वारा आयोजित विशेष फेसबुक लाइव कार्यक्रम “लेट्स टॉक” का सफल आयोजन किया गया। बता दें कि कार्यक्रम में राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अभिभावकों की जिज्ञासाओं का विस्तार से समाधान किया।

वही कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृति योजना परीक्षा की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न, तैयारी की रणनीति तथा छात्रवृत्ति के महत्व पर विस्तार से चर्चा हुई। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ऑनलाइन जुड़कर विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया।

विशेषज्ञों के विचार......

वही श्री योगेश कुमार (जिला शिक्षा पदाधिकारी, गोपालगंज) ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्रों के लिए यह योजना एक सुनहरा अवसर है। विद्यालय स्तर पर शिक्षक यदि मार्गदर्शन दें, तो सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।”
सैय्यद अब्दुल मोइन (पूर्व दूरस्थ शिक्षा निदेशक, एससीईआरटी, बिहार) ने योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा,
“यह परीक्षा विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, समझ और विश्लेषण कौशल विकसित करती है। इसे केवल परीक्षा नहीं, बल्कि बौद्धिक विकास की प्रक्रिया के रूप में देखना चाहिए।”
श्री मनोज बोस (प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी) ने आवेदन प्रक्रिया को सरल बताते हुए कहा,
“सही दस्तावेज, समय पर पंजीकरण और नियमित अभ्यास—ये तीन बातें छात्रों को चयन तक पहुँचाती हैं। जागरूकता ही सबसे बड़ी कुंजी है।”
श्री शैलेन्द्र शंखधर (विषय विशेषज्ञ) ने तैयारी की रणनीति साझा करते हुए कहा,
“राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृति योजना परीक्षा की तैयारी के लिए अवधारणात्मक अध्ययन, मॉडल प्रश्नपत्रों का अभ्यास और समय प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है। निरंतर अभ्यास से ही आत्मविश्वास विकसित होता है।”

विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक मार्गदर्शन.....

लाइव सत्र में विद्यार्थियों को बताया गया कि—
• परीक्षा की तैयारी कक्षा 8 के पाठ्यक्रम की मजबूत समझ से करें।
• मानसिक क्षमता के प्रश्नों के लिए नियमित अभ्यास आवश्यक है।
• पुराने प्रश्नपत्र और मॉडल पेपर सफलता का सबसे प्रभावी साधन हैं।
• समयबद्ध अध्ययन और स्व-अनुशासन से बेहतर परिणाम मिलते हैं।

टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार एवं टेक्निकल टीम लीडर ई. शिवेंद्र प्रकाश सुमन के विचार.....

श्री शिव कुमार एवं ई.शिवेंद्र प्रकाश सुमन ने संयुक्त रूप से कहा कि "राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृति योजना परीक्षा" केवल छात्रवृत्ति योजना नहीं,बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों के सपनों को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। सही जानकारी और समय पर तैयारी से अधिक से अधिक बच्चे इसका लाभ उठा सकते हैं।

टीचर्स ऑफ बिहार की पहल सराहनीय....

कार्यक्रम मे सामिल सभी अतिथियों ने बताया कि मंच द्वारा "राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृति योजना परीक्षा" की तैयारी हेतु विशेष कक्षाएँ, मॉडल पेपर और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिल सके।
शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इस पहल को विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में प्रभावी भूमिका निभाते हैं।

इस लेट्स टॉक कार्यक्रम का संचालन श्री संतोष कुमार खरे एवं श्रीमति दीपाली ने किया। उक्त जानकारी टीचर्स ऑफ बिहार के प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने संयुक्त रूप से दी है।

27
1766 views

Comment