वकील हत्याकांड एमपी: जमीन केस जितवाया तो क्या हारने वालों ने दिनदहाड़े मरवाई गोली! 12 लाख में दी सुपारी
Shivpuri Advocate Murder Case में Sanjay Saxena को कथित तौर पर Land Dispute Case जिताने के बाद गोली मार दी गई. परिजनों ने 12 Lakh Supari और चुनावी रंजिश का आरोप लगाया है. Shivpuri Police सभी एंगल से जांच कर रही है. मामला Madhya Pradesh Crime News में सुर्खियों में है.
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में वकील संजय सक्सेना (57) हत्याकांड में कई चौंकाने वाले आरोप सामने आए हैं. परिजनों का दावा है कि उन्होंने अपने क्लाइंट को जमीन का केस जितवाया था, जिसके बाद रंजिश में 14 फरवरी को दिनदहाड़े गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई.
करेरा तहसील के सिविल मामलों के चर्चित एडवोकेट थे
संजय कुमार सक्सेना शिवपुरी जिले की करेरा तहसील में सिविल मामलों के जाने-माने अधिवक्ता थे. उनके भाई एडवोकेट कुलदीप सक्सेना ने आरोप लगाया है कि जमीन के एक मामले में जीत दिलाने के बाद उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. परिवार का कहना है कि संजय सक्सेना मुकदमे से पीछे नहीं हटे और अपने क्लाइंट को केस जितवाया. इसके बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई.
जमीन विवाद बना हत्या की वजह?
एडवोकेट कुलदीप सक्सेना के मुताबिक, शिवपुरी जिले के गांव सिगदाऊआ के कुछ लोगों ने रंजिश के चलते हत्या कराई है. संजय सक्सेना ने गांव में किशोरी जाटव की जमीन का केस लड़ा था, जिसमें किशोरी जाटव की जीत हुई थी. परिजनों का आरोप है कि केस हारने के बाद से ही आरोपी लगातार धमकी दे रहे थे कि वे आगे उनके खिलाफ कोई मामला न लड़ें.
जमीन विवाद का दूसरा पहलू भी सामने आया है. बताया गया है कि मिठुआ जाटव के पक्ष में भी संजय एक अन्य जमीन विवाद का केस लड़ रहे थे. जमीन के एक हिस्से पर शिक्षक कमलेश शर्मा का कब्जा बताया जा रहा है. परिवार का आरोप है कि कमलेश शर्मा केस से हटने या राजीनामा कराने के लिए दबाव बना रहे थे.
क्या 12 लाख रुपये में दी गई सुपारी?
एडवोकेट कुलदीप सक्सेना के अनुसार, गांव के सूरज आदिवासी ने उनके भाई अनिल सक्सेना को बताया था कि कमलेश शर्मा कथित तौर पर 12 लाख रुपये लेकर संजय सक्सेना की हत्या कराने की बात कह रहे थे. यह आरोप पुलिस को भी बताया गया है. हालांकि पुलिस ने इस पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
चुनावी रंजिश का एंगल भी जांच में
शिवपुरी पुलिस इस हत्याकांड की जांच चुनावी रंजिश के एंगल से भी कर रही है. कुलदीप सक्सेना ने पुलिस को बताया कि आरोपियों से चुनावी रंजिश भी चली आ रही थी. इसके अलावा अगस्त-सितंबर में उनकी 6 बीघा जमीन में खड़ी मूंगफली की फसल उजाड़े जाने की घटना का भी जिक्र किया गया है. इसकी शिकायत दिनारा थाने में की गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई थी.
एसपी बोले-हर एंगल से जांच
शिवपुरी जिला पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर ने कहा कि संजय सक्सेना हत्याकांड में हर पहलू की जांच की जा रही है. परिजनों ने कई लोगों पर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि जमीन केस, चुनावी रंजिश या अन्य जमीन विवाद हत्या के पीछे जो भी वास्तविक कारण होगा, उसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा. पुलिस ने जल्द पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है.