logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भाटापारा अमृत भारत स्टेशन का कार्य धीमा, अवैध अतिक्रमण पर 14 दिनों का नोटिस जारी......

भाटापारा अमृत भारत स्टेशन का कार्य धीमा, अवैध अतिक्रमण पर 14 दिनों का नोटिस जारी

भाटापारा : - भाटापारा रेलवे स्टेशन में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिकीकरण का कार्य जारी है, लेकिन इसकी गति धीमी होने से यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। इसी बीच रेलवे क्षेत्र की जमीन पर अवैध अतिक्रमण का मामला भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, भाटापारा रेल परिक्षेत्र के हटरी बाजार अंडरब्रिज के पास स्थित अनेकों होटल के सामने रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से भट्टी/चूल्हा निर्मित कर लिया गया है। इस पर कार्रवाई करते हुए रेलवे के आईडब्ल्यू (इंजीनियरिंग वर्क्स) विभाग ने संबंधित होटल मालिकों को 14 दिनों का नोटिस जारी किया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
गौरतलब है कि बिलासपुर रेलवे जोन के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के भाटापारा स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। इस परियोजना को जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन तय समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं हो सका। सूत्रों के अनुसार अब ठेकेदार ने मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया है, हालांकि वर्तमान प्रगति को देखते हुए इस पर भी संशय बना हुआ है।
परियोजना के अंतर्गत स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित करने की योजना है, जिसमें आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत सर्कुलेटिंग एरिया, सौंदर्यीकरण, बेहतर बैठने की व्यवस्था, नए साइनबोर्ड, सुव्यवस्थित पार्किंग तथा सुगम यातायात व्यवस्था शामिल है। वर्तमान में प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय का निर्माण सहित अन्य बुनियादी कार्य प्रगति पर हैं।
हालांकि कार्य की धीमी गति के कारण यात्रियों को असुविधा हो रही है। स्टेशन के सामने प्रमुख मार्ग की जर्जर स्थिति से आम नागरिक भी परेशान हैं और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
भाटापारा सहित रायपुर मंडल के 15 स्टेशनों को आधुनिक बनाने की योजना थी, जो अब तक पूरी नहीं हो सकी है। बावजूद इसके, रेलवे प्रशासन का दावा है कि स्टेशन का विकास यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

9
1285 views

Comment