logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गुना में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग: शिवपुरी के वकील की हत्या के विरोध में वकीलों ने नहीं किया काम; प्रशासन को दिया ज्ञापन

शिवपुरी जिला में अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में सोमवार को गुना के वकीलों ने न्यायालयीन कामकाज पूरी तरह बंद रखा। अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से कलेक्टरेट तक रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रशासन को सौंपा और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई।
किस घटना से भड़का आक्रोश
दो दिन पहले करैरा में एडवोकेट संजय सक्सेना सुबह घर से कोर्ट के लिए निकले थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी।
प्रदेशभर में असर
कोर्ट जाते समय वकील की हत्या की खबर के बाद मध्यप्रदेश के अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी है। विभिन्न बार एसोसिएशनों और कर्मचारी संगठनों ने बैठक कर विरोध दर्ज कराने और सुरक्षा कानून लागू कराने की रणनीति बनाई।
गुना में नहीं हुआ काम
इसी क्रम में सोमवार को गुना के वकीलों ने न्यायालय में पेशी और अन्य काम नहीं किए। बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हुए और विरोध जताते हुए रैली निकाली। अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए कोर्ट से कलेक्टरेट पहुंचे। वहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में क्या कहा
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा खतरे में है। यदि तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। स्वर्गीय अधिवक्ता संजय सक्सेना के हत्यारों और इस साजिश में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही अधिवक्ताओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि वे निर्भीक होकर अपना दायित्व निभा सकें।

आंदोलन की दी चेतावनी

अधिवक्ता संघ ने साफ कहा कि अगर मांगों पर जल्दी निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में बड़े आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। घटना के बाद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में वकीलों द्वारा प्रदर्शन किए जा रहे हैं। सुरक्षा कानून लागू करने की मांग लगातार तेज होती जा रही है।

22
7242 views

Comment