बेनीबाद थाना क्षेत्र में सनसनी! जांता पछियारी गांव में रहस्यमय हालात में विवाहिता की मौत, ससुराल पक्ष फरार
गायघाट (मुजफ्फरपुर):
बेनीबाद थाना क्षेत्र के जांता पछियारी गांव में सोमवार सुबह 22 वर्षीय विवाहिता की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान रजनी कुमारी (22), पत्नी विक्की महतो के रूप में हुई है। वह छह माह की एक बच्ची की मां थी।
परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे रजनी का शव उसके कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। वहीं, घटना के तुरंत बाद ससुराल पक्ष के लोगों के घर छोड़कर फरार होने से मामला और संदिग्ध माना जा रहा है।
सूचना मिलने पर बेनीबाद थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल की बारीकी से जांच की। थानाध्यक्ष साकेत कुमार शार्दूल ने बताया कि मृतका के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतका की मां इंदु देवी (निवासी जावाडीह, तुर्की थाना क्षेत्र) ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व रजनी की शादी हुई थी। महाशिवरात्रि के अवसर पर वह व्रत रखी हुई थी और रविवार को गांव के महादेव मंदिर में पूजा कर लौटी थी। सोमवार सुबह उसकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।