logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

दीपावली की रंजिश में खूनी संघर्ष: घात लगाकर हमला, लाठी-डंडों से मारपीट में दो युवक गंभीर घायल; फायरिंग को लेकर पुलिस-ग्रामीणों के दावे अलग-अलग

*दीपावली की रंजिश में खूनी संघर्ष: घात लगाकर हमला, लाठी-डंडों से मारपीट में दो युवक गंभीर घायल; फायरिंग को लेकर पुलिस-ग्रामीणों के दावे अलग-अलग*



*अमृतपुर/फर्रुखाबाद*




थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर सोमवार देर शाम को दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि खेत से लौट रहे युवक पर पहले से घात लगाकर बैठे विपक्षियों ने हमला कर दिया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले,जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घटना के दौरान कई राउंड फायरिंग होने का दावा किया है, जबकि पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार दिनेश पुत्र शालिग्राम अपने खेत में गेहूं की फसल में पानी लगाकर ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में मुकेश, वीरपाल व रामासरे के खेत के पास कई लोग पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही दिनेश वहां पहुंचे, आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
मारपीट में दिनेश (30) और ध्यानपाल पुत्र अहिलकार (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाकर मेडिकल परीक्षण कराया। ग्रामीणों के अनुसार मारपीट के दौरान करीब सात राउंड फायरिंग भी हुई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।
घायल दिनेश ने आरोप लगाया कि संदीप यादव समेत कई लोगों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और फायरिंग भी की। हालांकि चिकित्सीय परीक्षण में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे फायरिंग की पुष्टि हो सके।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच बीती दीपावली पर हुए विवाद के बाद से रंजिश चली आ रही थी, जिसकी वजह से यह घटना हुई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला लाठी-डंडों से मारपीट का है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
वहीं दूसरे पक्ष के संदीप यादव ने भी आरोप लगाया कि उनके घर की छत पर पथराव किया गया, जिससे उनके परिवार के कई लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया तहरीर मिलने पर जांच शुरू कर दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

0
138 views

Comment