पंचायत चुनाव को लेकर जनसुराज पार्टी की चिंतन बैठक आयोजित
अकोढ़ी गोला से आरके सिंह की रिपोर्ट
अकोढ़ी गोला। जनसुराज पार्टी के तत्वावधान में 212 विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पंचायत चुनावों को लेकर जनसुराज कार्यालय अकोढ़ी गोला में एक महत्वपूर्ण चिंतन एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्री प्रदीप ललन सिंह ने की।
बैठक में पंचायत चुनाव में जनसुराज पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने एकमत से कहा कि पंचायत चुनाव संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का सुनहरा अवसर है। इसके लिए आवश्यक है कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता के बीच जनसुराज की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाएं तथा योग्य एवं ईमानदार लोगों को चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने कहा कि जनसुराज पार्टी को पूरी मजबूती, उत्साह और जनसमर्थन के साथ पंचायत चुनाव में भाग लेना चाहिए तथा जनता को जागरूक कर स्वच्छ, पारदर्शी और जनहितैषी नेतृत्व स्थापित करने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री हीरालाल कुशवाहा, जिला महामंत्री श्री अतेंद्र सिंह, अनुमंडल महामंत्री श्री आरके सिंह, कार्यालय प्रभारी श्री अशोक भारती, देहरी अनुमंडल कार्यालय प्रभारी डॉ. नंद कुमार सिंह, प्रदेश सदस्य श्री श्रीकांत तिवारी तथा जिला उपाध्यक्ष श्री विजय शंकर तिवारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।