logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पंच पद पर वोट नहीं दिया तो कर दी हत्या डाढाखार में चुनावी रंजिश में 55 वर्षीय व्यक्ति की जान ली

बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डाढाखार में पंचायत चुनाव की रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। पंच पद के चुनाव में वोट नहीं देने की बात को लेकर एक 55 वर्षीय व्यक्ति की लकड़ी के डंडे से बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 7 अप्रैल 2025 की बताई जा रही है। ग्राम निवासी इतवारी राम पैकरा को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने के कारण 8 अप्रैल को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शुरुआत में मामला संदिग्ध चोट का माना गया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सिर पर ठोस वस्तु से जोरदार वार किया गया था, जिससे उनकी मौत हुई। इसके बाद थाना कसडोल में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच तेज कर दी।

जांच में सामने आया कि आरोपी नरेश पैकरा और मृतक के बीच पंच चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश थी। आरोप है कि चुनाव में वोट नहीं देने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोपी ने पास में पड़े लकड़ी के डंडे से मृतक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट के कारण उनकी मौत हो गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

232
5806 views

Comment