logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जादू-मंत्र से पैसा दोगुना करने का झांसा, पिता-पुत्र गिरफ्तार, दो लोगों से की थी 5 लाख की ठगी

पलारी। जादू-मंत्र के जरिए पैसा कई गुना बढ़ाने का प्रलोभन देकर लोगों को अपना शिकार बनाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दीनदयाल जांगड़े (66) और उसके बेटे पुरुषोत्तम जांगड़े (35) के रूप में हुई है, जो ग्राम धौराभाठा (थाना खरोरा, रायपुर) के निवासी हैं। ये दोनों पिता-पुत्र मिलकर अलग-अलग मामलों में कुल 5 लाख रुपए की ठगी कर चुके हैं।

प्रार्थी नोहर यादव (57), निवासी ग्राम बलौदी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में आरोपी उसके घर आए और जादू-मंत्र से पैसा कई गुना करने का झांसा दिया। उनके झांसे में आकर 18 अक्टूबर 2022 को प्रार्थी ने आरोपियों को 3 लाख रुपए नगद दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने पैसे वापस नहीं किए और न ही उन्हें दोगुना किया। इस मामले में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 452/2025 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरे प्रकरण में प्रार्थी पराग कटियार, निवासी ग्राम रामपुर ने आवेदन दिया कि आरोपियों ने उसे भी जादू-मंत्र का झांसा देकर 2 नवंबर 2022 को 2 लाख रुपए नगद ले लिए। जब प्रार्थी ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। इस मामले में आरोपियों पर धारा 420, 506, 34 भादवि के तहत अपराध क्रमांक 454/2025 दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना प्रभारी पलारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके गृह ग्राम धौराभाठा से हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन और 5,000 रुपए नगद जब्त किए हैं।

501
11097 views

Comment