logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विधायक कोमल सिंह की मांग: आस्था स्थलों के विकास को लेकर गायघाट में तेज हुई सौंदर्यीकरण की पहल

मुजफ्फरपुर। गायघाट विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक आस्था और पर्यटन विकास को लेकर राजनीति तेज हो गई है। क्षेत्र की विधायक कोमल सिंह ने कटरा स्थित मां चामुंडा मंदिर और बंदरा प्रखंड के मुतलूपुर स्थित खगेश्वरनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग बिहार सरकार से की है।
इस संबंध में विधायक ने बिहार के पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद से मुलाकात कर दोनों मंदिरों की धार्मिक, पौराणिक और सांस्कृतिक महत्ता को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि ये दोनों स्थल न सिर्फ आस्था के केंद्र हैं, बल्कि क्षेत्रीय पहचान के भी महत्वपूर्ण प्रतीक हैं।
जानकारी के अनुसार, इन तीर्थस्थलों पर बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सालभर पहुंचते हैं। सावन माह में खगेश्वरनाथ मंदिर में कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ती है, जबकि मां चामुंडा मंदिर में पूरे वर्ष श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। नवरात्र के दौरान यहां विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं।
विधायक ने सरकार का ध्यान इस ओर भी आकृष्ट कराया कि इतने महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों पर अभी तक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने मांग की कि दोनों मंदिरों का समुचित सौंदर्यीकरण कर इन्हें पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जाए।
उन्होंने कहा कि मंदिरों के विकास से जहां श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने विधायक को आश्वस्त किया है कि दोनों मंदिरों के विकास को लेकर जल्द ही कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

79
2323 views

Comment