logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नगर निकाय क्षेत्रों में भी तेज हुआ मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का क्रियान्वयन

हाजीपुर/जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के सशक्त एवं दूरदर्शी नेतृत्व में जिले में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का नगरीय क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने इस योजना को प्राथमिकता देते हुए सभी नगर निकाय क्षेत्रों में प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों की गहन जांच एवं सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी है।
योजना के अंतर्गत महिलाओं को उनकी रुचि एवं कौशल के अनुरूप स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ₹10,000 की अनुदान राशि प्रदान की जाती है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा परिवार की आय में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन द्वारा वार्ड स्तर पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिनमें संबंधित कर्मी, आवास सहायक, जीविका प्रतिनिधि एवं अन्य सहयोगी कार्मिक शामिल हैं। सभी को निर्देश दिया गया है कि वे क्षेत्र में जाकर आवेदनों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि योजना का लाभ केवल वास्तविक एवं पात्र लाभुकों तक ही पहुंचे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि केवल अनुदान राशि उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि महिलाओं को प्रशिक्षण एवं उचित मार्गदर्शन के माध्यम से स्थायी आजीविका से जोड़ना भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं लघु उद्यम, घरेलू उद्योग, सेवा आधारित कार्य एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियां सफलतापूर्वक प्रारंभ कर सकें।
जिलाधिकारी द्वारा योजना की नियमित समीक्षा की जा रही है और प्रगति प्रतिवेदन के आधार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

15
326 views

Comment