logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

देहरादून में सत्ता बनाम सिस्टम का टकराव! शिक्षा निदेशक से दफ्तर में मारपीट, BJP विधायक के समर्थकों पर आरोप

देहरादून से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। शिक्षा निदेशालय के भीतर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मारपीट करने वाले कोई और नहीं, बल्कि रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ के समर्थक थे।

विधायक की मौजूदगी में बवाल :
घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, किसी प्राथमिक विद्यालय के नाम परिवर्तन को लेकर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ निदेशक के कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि समर्थकों ने नाम परिवर्तन के मुद्दे पर अधिकारी पर दबाव बनाना शुरू किया।

सूत्रों के मुताबिक, जब निदेशक अजय कुमार नौडियाल ने नियम-कानून का हवाला देते हुए प्रक्रिया का पालन करने की बात कही, तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते समर्थक उग्र हो गए और कथित तौर पर हाथापाई पर उतर आए। बताया जा रहा है कि घटना के समय विधायक भी मौके पर मौजूद थे।

अस्पताल में भर्ती, प्रशासन में हड़कंप :
मारपीट में घायल हुए निदेशक को उपचार के लिए कोरोनेशन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। सरकारी अधिकारी के दफ्तर में घुसकर मारपीट की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कर्मचारियों का प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग :
घटना से आक्रोशित शिक्षकों और कर्मचारियों ने सड़कों पर उतरकर धरना शुरू कर दिया है। कार्यालय स्टाफ में दहशत का माहौल है। कर्मचारियों ने सड़क जाम कर विधायक समेत हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

शिक्षक संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो Uttarakhand Board of School Education की परीक्षाएं बाधित की जाएंगी।

इस घटनाक्रम ने प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक तंत्र में भूचाल ला दिया है। अब सबकी निगाहें सरकार और पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

58
13508 views

Comment