गोंडा: महिला पदों पर पुरुषों ने किया आवेदन, तीन फॉर्म निरस्त — सभी ब्लॉकों में जांच के आदेश..
गोंडा। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं सहायिका पदों की भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शासनादेश के अनुसार केवल महिलाओं के लिए आरक्षित पदों पर कुछ पुरुषों द्वारा भी आवेदन कर दिया गया, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में आंगनबाड़ी भर्ती के लिए लगभग 5,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रारंभिक जांच में परसपुर, मुजेहना एवं बेलसर विकास खंड से तीन पुरुष अभ्यर्थियों के आवेदन पाए गए, जिन्हें नियमों के तहत तत्काल निरस्त कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) से मार्गदर्शन प्राप्त करने के बाद जनपद के सभी 16 विकास खंडों में आवेदनों की पुनः जांच (स्क्रूटनी) के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
डीपीओ के अनुसार भर्ती विज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया था कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं सहायिका के पद केवल महिलाओं के लिए आरक्षित हैं तथा 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं ही आवेदन के लिए पात्र हैं। इसके बावजूद पुरुषों द्वारा आवेदन किया जाना नियमों का उल्लंघन है।
बताया गया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के लिए शीर्ष पांच अभ्यर्थियों को काउंसलिंग हेतु बुलाया गया था। इसी प्रक्रिया के दौरान पुरुष अभ्यर्थियों के आवेदन सामने आए, जिन पर नियमानुसार विचार संभव नहीं था।
प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि यह त्रुटि तकनीकी लापरवाही के कारण हुई या जानबूझकर नियमों की अनदेखी की गई। जांच के दौरान यदि अन्य ब्लॉकों से भी ऐसे आवेदन पाए जाते हैं, तो उन्हें भी निरस्त किया जाएगा।
मोहम्मद आरिफ फारूकी
सोशल मीडिया एक्टिविस्ट
AIMA MEDIA NEWS GONDA