गायघाट में विकास को नई मजबूती: 14 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक संयुक्त कार्यालय भवन
गायघाट (मुजफ्फरपुर) ।
राज्य सरकार की विकासोन्मुखी सोच और सुशासन के संकल्प को साकार करते हुए प्रखंड मुख्यालय में एक और बड़ी प्रशासनिक पहल की गई है। स्थानीय विधायक कोमल सिंह ने नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का विधिवत शिलान्यास कर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी।
करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक भवन ग्रामीण कार्य विभाग एवं भवन निर्माण विभाग के माध्यम से तैयार किया जाएगा। भवन के निर्माण के साथ ही प्रखंड की प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित और जनोन्मुखी हो सकेगी।
शिलान्यास के मौके पर विधायक ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आम लोगों तक प्रशासनिक सेवाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी रूप में पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस संयुक्त भवन के बन जाने से प्रखंड के सभी विभागों का कार्य एक ही छत के नीचे संचालित होगा, जिससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी और समय के साथ-साथ संसाधनों की भी बचत होगी।
उन्होंने इसे क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर प्रशासनिक समन्वय और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे न केवल आम जनता को सुविधा मिलेगी, बल्कि सरकारी कार्यों में भी गति और पारदर्शिता आएगी।
विधायक ने यह भी जानकारी दी कि भवन में पंचायती राज जनप्रतिनिधियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी, जिससे उन्हें कार्य निष्पादन में सहूलियत मिलेगी और पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख श्रवण कुमार सिंह, बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय, सीओ शिवांगी पाठक, बीपीआरओ राजीव रंजन, बीस सूत्री उपाध्यक्ष जयप्रकाश गामी सहित राजीव सिंह, संजागर सहनी, मृत्युंजय सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।