जोधपुर में शादी से ठीक पहले दो सगी बहनों ने की आत्महत्या
खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदला
जोधपुर। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के सूरसागर थाना क्षेत्र के मणाई गांव में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। शादी के दिन ही दो सगी बहनों ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। जिस घर में बारात की तैयारी और मंगल गीत गूंज रहे थे, वहां कुछ ही घंटों में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक बहनें शोभा और विमला, मणाई गांव निवासी दीप सिंह की पुत्रियां थीं। दोनों की शादी तय थी और शनिवार को ही बारात आने वाली थी। शुक्रवार देर रात घर में बंदोली का कार्यक्रम हुआ था। रात करीब 12 बजे दोनों बहनें अपने कमरे में सोने चली गईं।
सुबह करीब चार बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत जोधपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को घर लाया गया।
एडीसीपी पश्चिम रोशन मीणा ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिवारजनों से पूछताछ कर रही है।
मृतक बहनों के मामा जसवंत सिंह ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे छोटी बहन से फोन पर घटना की सूचना मिली। पुलिस को तुरंत सूचित किया गया। जब पुलिस टीम सुबह छह बजे गांव पहुंची, तब परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। परिजनों के अनुसार, दोनों के शव नीले पड़े हुए थे।
दोनों बहनें एक निजी स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।