आमलारी में मानवता की मिसाल: युवाओं ने घायल नीलगाय को बचाया, जनसहयोग से सिरोही वन विभाग तक पहुंचाया
सिरोही के आमलारी गांव में मानवता और पशु-प्रेम का प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया। गांव निवासी हीरारामजी मेघवाल के घर के पास एक घायल नीलगाय आकर खड़ी हो गई। वह दर्द से कराह रही थी। निरीक्षण करने पर पता चला कि उसके एक पैर में किसी ने लोहे का वायर अत्यंत खतरनाक तरीके से कसकर बांध दिया था, जिससे पैर में गहरा घाव हो गया था।
सूचना मिलते ही राजेश परिहार ने तत्परता दिखाते हुए गांव के युवाओं — चेतन भाई माली, राजूमहाराज, सूजाराम देवासी, सोनाराम देवासी, नरेंद्र ,सहित अन्य साथियों को एकत्रित किया। सभी ने मिलकर सावधानीपूर्वक नीलगाय के पैर से लोहे का वायर खोला और प्राथमिक उपचार कर उसे तत्काल राहत पहुंचाई।
युवाओं ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमान हिरेंद्रपाल सिंह जी देवड़ा के सहयोग से सिरोही वन विभाग को सूचना दी। उनके प्रयासों से वन विभाग की एम्बुलेंस शीघ्र ही मौके पर पहुंची। घायल नीलगाय को बेहतर उपचार हेतु सिरोही भेजा गया। इस दौरान श्री देवड़ा द्वारा आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया, जिससे उपचार प्रक्रिया में सहायता मिली।
ग्रामीणों ने इस प्रकार की अमानवीय हरकत की कड़ी निंदा की है। वहीं युवाओं की संवेदनशीलता, तत्परता और सामूहिक प्रयास की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
यह घटना दर्शाती है कि समाज में यदि जागरूकता, एकता और करुणा हो तो निःस्वार्थ सेवा के माध्यम से हर जीव की रक्षा संभव है।