कोटा में पत्रकारिता की नई क्रांति, ‘दैनिक दिव्य जन जागृति समाचार’ का भव्य शुभारंभ,कोटा संस्करण आज से शुरू, हाड़ौती क्षेत्र की आवाज बनेगा नया अखबार।
कोटा। कोटा शहर आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना। जयपुर से प्रकाशित हो रहे लोकप्रिय दैनिक ‘दैनिक दिव्य जन जागृति समाचार’ का कोटा संस्करण औपचारिक रूप से मुख्य संपादक योगेन्द्र कुमार के सानिध्य में शुरू हो गया। इस अखबार का भव्य शुभारंभ कोटा प्रेस क्लब के अध्यक्ष गजेन्द्र व्यास, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन, कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीमती राखी गौतम, "जार" जिला अध्यक्ष संजय चौबीसा व ऊर्जा मंत्री के पीए आशीष मेहता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसमें शहर की गणमान्य हस्तियों, पत्रकारों, बुद्धिजीवियों और कोटा संभाग की सैकड़ों प्रतिभाओं ने शानदार उपस्थिति दर्ज की।
समारोह में कोटा संभाग (कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़) की विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभा, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा उद्यमी शामिल थे।
श्री गजेंद्र व्यास, कोटा प्रेस क्लब अध्यक्ष ने कहा,
“आज कोटा में एक ऐसा अखबार शुरू हो रहा है जो सिर्फ खबर नहीं, बल्कि जन-जागृति की मशाल बनेगा। हमारा प्रयास है कि यह अखबार सत्य की राह पर चले, निष्पक्ष हो, विकास की बात करे और हाड़ौती की हर छोटी-बड़ी समस्या को आवाज दे। कोटा शिक्षा नगरी है, कोचिंग हब है, उद्योग-व्यापार का केंद्र है – ऐसी जगह पर ‘दिव्य जन जागृति’ जैसे सकारात्मक अखबार की जरूरत बहुत दिनों से थी।”
श्री राकेश जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा,
“यह मात्र अखबार नहीं, बल्कि एक आंदोलन है। यह अखबार समाज को जागृत करेगा, युवाओं को प्रेरित करेगा और हाड़ौती क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। आज जिन प्रतिभाओं को ‘हाड़ौती रत्न’ से सम्मानित किया गया, वे इस क्षेत्र की शान हैं। हमारा विश्वास है कि ‘दैनिक दिव्य जन जागृति समाचार’ इन सभी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगा।
श्रीमती राखी गौतम ने कहा यह अखबार न सिर्फ खबरें देगा, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम भी बनेगा। कोटा शहर तथा पूरे हाड़ौती संभाग में अब पाठकों को एक विश्वसनीय, निष्पक्ष और विकासोन्मुखी अखबार मिल सकेगा।