logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

होली का जुलूस का निरीक्षण किया

होलिका जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा
शाहजहांपुर। आगामी होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी तिलहर ने थाना तिलहर क्षेत्र के ग्राम गुलाम खेड़ा एवं राइ खेड़ा में होलिका जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने जुलूस मार्ग का पैदल भ्रमण किया और मार्ग की भौतिक स्थिति, संकरे स्थानों, संवेदनशील बिंदुओं, प्रमुख चौराहों तथा बाजार क्षेत्रों का सूक्ष्म परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि जुलूस के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाए।
साथ ही सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन एवं एंबुलेंस व्यवस्था तथा सुचारु यातायात प्रबंधन के लिए भी समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी ने जुलूस मार्ग पर स्थित दुकानदारों, ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों और स्थानीय युवाओं से संवाद स्थापित कर आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए पीआरवी एवं थाना स्तर पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
जनपद पुलिस द्वारा होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

0
185 views

Comment