लखनऊ में सनसनी: बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या कर शव के किए टुकड़े
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद के बाद एक बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव के हाथ-पैर काटकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए, जबकि धड़ को घर के एक कमरे में छिपा दिया।
मृतक की पहचान 49 वर्षीय मानवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से पैथोलॉजी संचालक थे। पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को शक परिवार के सदस्यों पर हुआ।
जांच में सामने आया कि मानवेंद्र सिंह अपने बेटे अक्षत पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि अक्षत ने अपने पिता को गोली मार दी। वारदात को छिपाने के उद्देश्य से उसने शव के टुकड़े कर दिए।
पुलिस ने आरोपी बेटे अक्षत को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।