पूर्व सैनिक के घर पुलिस की कथित बर्बरता, क्षेत्र में आक्रोश
आर.के. सिंह, अध्यक्ष पूर्व सैनिक कल्याण संघ रोहतास
रोहतास जिले के डेहरी अनुमंडल अंतर्गत ग्राम भेड़िया, थाना डेहरी निवासी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक श्री भगवान सिंह के घर पुलिस द्वारा कथित रूप से की गई बर्बरता का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में व्यापक आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आपसी विवाद के एक मामले में पुलिस बिना वारंट पूर्व सैनिक के घर में प्रवेश कर गई तथा घर की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस घटना ने न केवल संबंधित परिवार को आहत किया है, बल्कि पूरे पूर्व सैनिक समाज के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने का कार्य किया है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के पूर्व सैनिकों एवं पूर्व सैनिक कल्याण से जुड़े लोगों में गहरी नाराजगी देखी गई। पूर्व सैनिकों ने एक स्वर में इस कथित कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के साथ इस प्रकार का व्यवहार अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है।
पूर्व सैनिकों ने प्रशासन से दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध अविलंब कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई, तो पूर्व सैनिक समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस संबंध में स्थानीय प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका है।