logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

*पंचकूला में 3 व 6 मई को सिद्ध जोगी वार्षिक भजन उत्सव, हिमाचली धाम रहेगा मुख्य आकर्षण*

मनोज शर्मा, पंचकूला : सिद्ध जोगी सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट कार्यक्रम कमेटी (रजि. हरियाणा) की बैठक प्रमुख संस्थापक विक्रांत बाबाजी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 3 व 6 मई को आयोजित होने वाले सिद्ध जोगी वार्षिक भजन उत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम कमेटी के प्रधान निर्मल लुवाणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 मई को प्राचीन शिव मंदिर, गांव रैला से सिद्ध जोगी बाबा पौणाहारी जी की भव्य झंडा शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा विभिन्न सेक्टरों से होती हुई सेक्टर-11 में संपन्न होगी।
कमेटी की सदस्य सीमा चौधरी, दिनेश शर्मा, पवन महाजन तथा सलाहकार एडवोकेट दिनेश चतरथ ने बताया कि 6 मई, बुधवार को वार्षिक उत्सव के अवसर पर बाबा जी की विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का विशेष रूप से ट्राईसिटी के हिमाचली प्रवासियों में हर वर्ष बेसब्री से इंतजार रहता है। भजन संध्या में हिमाचली गायक बाबा जी का गुणगान प्रस्तुत करेंगे तथा स्थानीय उभरते कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा।
देशराज शर्मा, उमेश शर्मा, अश्वनी बरवाला और विनोद शर्मा ने बताया कि 6 मई को भव्य हिमाचली धाम का आयोजन भी किया जाएगा। पारंपरिक शैली में पीतल की बड़ी देगों में लकड़ी की आग पर भोजन तैयार किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं को जमीन पर बैठाकर पत्तलों में परोसा जाएगा।
विक्रांत बाबाजी एवं डॉ. सीमा गुप्ता ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिमाचली एकता को सुदृढ़ करना, नए कलाकारों को अवसर देना तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि पत्तों की पत्तल के उपयोग को बढ़ावा देकर प्लास्टिक बर्तनों के प्रयोग को कम करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे पारंपरिक कारीगरों को भी रोजगार मिल सके।
बैठक में केसी मलकानीया, सरोज शर्मा, पिंकी, मीना कुमारी, सुषमा शर्मा, डॉ. कमलेश, मधु ठाकुर, सुदेश शर्मा, अंजू, नैंसी, रमा, विक्रम सिंह, प्रवीण बाली, रोशनलाल शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस वार्षिक महोत्सव को सफल बनाएं। आयोजकों ने ट्राईसिटी व आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया है।

20
12 views

Comment