logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पाली जिले की ग्राम पंचायत खिंवान्दी में कथित भ्रष्टाचार का मामला, कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों में रोष


राजस्थान पाली। पाली जिले की सुमेरपुर पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत खिंवान्दी में ग्राम विकास अधिकारी और सरपंच पर लाखों रुपये के कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सरकार के विकास कार्यों के लिए जारी कोष का दुरुपयोग किया गया है।

मामले को लेकर पिछले पांच महीनों से लगातार लिखित शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इस प्रकरण में जोधपुर संभागीय आयुक्त, पाली जिला कलेक्टर, जिला मुख्य कार्यकारी अधिकारी पाली, उपखंड अधिकारी सुमेरपुर, विकास अधिकारी सुमेरपुर तथा जयपुर स्थित पंचायत मंत्री को लिखित शिकायतें भेजी गईं। इसके अलावा ईमेल और स्पीड पोस्ट के माध्यम से भी पुनः अवगत कराया गया।

बताया जा रहा है कि पाली के जिला मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा औपचारिकता स्वरूप एक जांच समिति गठित की गई थी, किंतु अब तक जांच प्रक्रिया शुरू नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। वहीं, जनसुनवाई के दौरान संभागीय आयुक्त द्वारा सुमेरपुर के विकास अधिकारी को शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की भी बात कही जा रही है।

शिकायतकर्ता निवर्तमान वार्ड पंच प्रतापराम मीणा, भरत कुमार, जड़मल सिंह देवड़ा और नरेश कुमार माली ने प्रशासन को कानूनी नोटिस देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर वे माननीय न्यायालय में वाद दायर करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।

(नोट: आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

2219 views

Comment
  • Naresh Kumar

    आरोप की पुष्टि तो एक दिन में ही हो जाती है अभी तक नहीं हुईं क्या