logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ACB की कार्रवाई: 15 हजार की रिश्वत लेते प्राचार्य गिरफ्तार…

बलौदा बाजार। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शासकीय विद्यालय के प्राचार्य को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी प्राचार्य आर.एन. बया पर आरोप है कि उन्होंने विकलांग व्याख्याता का रुका हुआ वेतन पास करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

मामला तब सामने आया जब मोपका, भाटापारा निवासी खेमेश्वर डांडे ने ACB में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, उनके पिता विजय कुमार डांडे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोपका में व्याख्याता हैं। वर्ष 2017-18 में दुर्घटना के कारण वे दिव्यांग हो गए थे, लेकिन इसके बावजूद नियमित रूप से विद्यालय जाते रहे।

आरोप है कि प्राचार्य आर.एन. बया वेतन आहरण में अनावश्यक अड़चन डालते थे और हर महीने 10 हजार रुपये रिश्वत लेकर वेतन जारी करते थे। शिकायत में यह भी बताया गया कि कई बार रिश्वत की रकम आरोपी ने अपने बैंक खाते में भी ली।

6 महीने से रोका था वेतन…

करीब छह माह पहले प्राचार्य ने 10 हजार की जगह 15 हजार रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर व्याख्याता का छह महीने का वेतन रोक दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की गई।
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB की टीम ने ट्रैप बिछाया। भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास आरोपी प्राचार्य आर.एन. बया को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

0
101 views

Comment