होली पर्व के मद्देनजर सिविल डिफेंस ने बुलाई बैठक, आंतरिक सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण जरूरी
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय नागरिक सुरक्षा के सभागार में टाउन हॉल प्रभाग की बैठक बुलाई गई। उक्त बैठक का मुख्य एजेंडा था डिवीजन की सभी वार्डन पोस्टों में वार्डनों /स्वयंसेवकों की भर्ती पर चर्चा, सभी पोस्टों के मीटिंग रजिस्टर का अवलोकन तथा रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती सुनिश्चित करना रहा। साथ ही आगामी होली पर्व को सौहार्दपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने के दृष्टिगत सभी वार्डनों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने के दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी पोस्ट वार्डनों ने आश्वस्त किया कि पोस्टों में रिक्त पदों को जल्द ही भर लिया जाएगा, जिससे संगठन की कार्यक्षमता और अधिक मजबूत हो सके।
उक्त बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक उप नियंत्रक नेम सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता टाउन हॉल डिवीजन के डिवीजनल वार्डन दीपक अग्रवाल ने की, जबकि आयोजन स्टाफ ऑफिसर मुकेश शर्मा द्वारा किया गया। संचालन स्टाफ ऑफिसर नवनीत चौधरी ने किया।
डिवीजनल वार्डन दीपक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सभी सेक्टरों में आवश्यकतानुसार भर्ती की जानी चाहिए तथा प्रत्येक पोस्ट वार्डन अपने-अपने पोस्ट का विस्तृत नक्शा तैयार कर लें, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
स्टाफ ऑफिसर नवनीत चौधरी ने कहा कि डिवीजन के सभी पदाधिकारियों को उनके पदानुसार जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सौंपी जानी चाहिए, जिससे कार्य प्रणाली में पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता बनी रहे।
घटना नियंत्रण अधिकारी संजय शर्मा ने कहा कि टाउन हॉल प्रखंड द्वारा अन्य प्रखंडों की अपेक्षा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। जिसके लिए टाउन हॉल प्रखंड के सभी पोस्ट वार्डन बधाई के पात्र हैं। भविष्य में भी सभी पोस्ट वार्डनों से इसी तरह सहयोग की अपेक्षा की गई।
विगत दिनों में किए गए कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र भी वितरण किए गए।
बैठक के अंत में होस्ट मुकेश शर्मा को सभी पदाधिकारियों की ओर से दीपक अग्रवाल द्वारा धन्यवाद प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर डिवीजनल वार्डन दीपक अग्रवाल, डिवीजनल वार्डन रिजर्व हर्ष वर्मा, स्टाफ ऑफिसर नवनीत चौधरी, मुकेश शर्मा, सुनील गर्ग, घटना नियंत्रण अधिकारी संजय शर्मा, शशिकांत भारद्वाज, पोस्ट वार्डन रिजर्व अनिल सरीन, पोस्ट वार्डन अक्षय जैन, अरविंद दीक्षित सहित टाउन हॉल डिवीजन के सभी पोस्ट वार्डन एवं डिप्टी पोस्ट वार्डन उपस्थित रहे।